टोनी आलम, एएनएम न्यूज़: विश्व शांति, सद्भावना और वातावरण की शुद्धता के संकल्प के साथ जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चिंचुरिया डंगाल पाड़ा में एकदिवसीय 51 कुंडीय विश्व शांति वैदिक महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। यह महायज्ञ निघा नया सत्संग भवन के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
महायज्ञ के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व में शांति, सद्भावना, आपसी भाईचारा स्थापित करना और आदिवासी समाज में ब्रह्म विद्या का प्रचार-प्रसार करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग शामिल हुए और विधिवत रूप से वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन में भाग लिया। पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का विशेष योगदान रहा।पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल बना रहा, जहां मंत्रों की गूंज और हवन की सुगंध से वातावरण पवित्र हो गया।
महायज्ञ के दौरान संयोजक विश्वनाथ चौबे, गणेश सोरेन, रंजीत बरनवाल, प्रमोद सिंह, भरत सिंह और दिनेश पाठक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वैदिक अनुष्ठानों और आचार्यों के मार्गदर्शन में संपन्न इस महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना की।