रूपनारायणपुर टोल प्लाजा को ट्रेलर ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे टोल बूथ कर्मी (Video)
पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रेलर को हटवाया और करीब दो घंटे बाद यातायात को बहाल किया। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग या ब्रेक फेल की आशंका जताई जा रही है।
राहुल तिवारी, एएनएम न्यूज़ : रविवार सुबह 419 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रूपनारायणपुर टोल प्लाजा पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर टोल काउंटर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि काउंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। टोल प्लाजा कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर फैले मलबे को हटाया गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रेलर को हटवाया और करीब दो घंटे बाद यातायात को बहाल किया। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीडिंग या ब्रेक फेल की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टोल प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया। स्थानीय लोगो के अनुसार उक्त टोल प्लाजा के समीप सड़क की अवस्था जर्जर है। जिससे दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है।