स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज़: 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती है। पूरा देश आज अपने इस प्रिय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को याद कर रहा है। मालूम हो कि उनकी जयंती हर वर्ष 23 जनवरी को "पराक्रम दिवस" के रूप में मनाई जाती है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
जानकारी के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'आज पराक्रम दिवस पर मैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अद्वितीय है। वे साहस और धैर्य के प्रतीक थे। उनका विजन हमें प्रेरित करता रहता है, क्योंकि हम उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।'
इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने आगे लिखा कि आज सुबह करीब 11:25 बजे मैं पराक्रम दिवस कार्यक्रम में अपना संदेश साझा करूंगा। मैं कामना करता हूं कि यह दिन हमारी आने वाली पीढ़ियों को सुभाष बाबू की तरह चुनौतियों का सामना करने के लिए साहस अपनाने की प्रेरणा दे।