भगवंत मान ने शपथ लेने के लिए ’16’ तारीख ही क्यों चुनी?

author-image
New Update
भगवंत मान ने शपथ लेने के लिए ’16’ तारीख ही क्यों चुनी?

स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज: आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर बुधवार को शपथ ले रहे हैं। इस समारोह को लेकर बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। यह समारोह शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर जिले में स्थित खटकड़ कलां गांव में होगा, जो स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का पैतृक गांव है। पंजाब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं।



इस बीच लोगों के जहन में ये सवाल आ रहा है कि शपथ लेने के लिए 16 मार्च का दिन ही क्यों चुना गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि भगवंत मान का लकी नंबर 16 है और इसलिए वह इसी दिन शपथ ले रहे हैं। वो इस नंबर को खुद के लिए लकी मानते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, मान की पहली कैसेट ‘गोभी दीए कच्चीए व्यापारणें आई’ साल 1992 में 16 मई के दिन ही रिलीज हुई थी। इसके अलावा उनकी कॉमेडी कैसेट ‘कुल्फी गर्मा-गर्म’ इसी साल (1992) 16 दिसंबर को आई थी. जिससे उन्हें काफी सफलता मिली।



भगवंत मान के राजनीतिक जीवन से इस नंबर का लिंक जोड़ें तो पता चलता है कि साल 2014 में 16 मई को ही वो पहली बार संगरूर सीट से लोकसभा सांसद चुने गए थे। उनकी यह पहली चुनावी जीत थी, जो उन्हें 16वें लोकसभा चुनाव में हासिल हुई थी। ऐसा ही कुछ इस बार भी देखा गया है। भगवंत मान ने 16वीं विधानसभा के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर चुनाव लड़ा है। उनकी पार्टी को इसमें 92 सीटों पर सफलता मिली है।