खुशियों के त्योहार का ऐसे करें स्वागत

author-image
New Update
खुशियों के त्योहार का ऐसे करें स्वागत

स्टाफ रिपोर्टर, एएनएम न्यूज: प्रकाश का पर्व दिवाली सुख-समृद्धि साथ लेकर आता है। पांच दिनों के इस उत्सव की तैयारियां लोग कई दिनों पहले से शुरू कर देते हैं। इस त्योहार पर वास्तु के अनुसार तैयारी की जाए तो घर में सदैव सकारात्मक ऊर्जा का वास बना रहता है। आइए जानते हैं कि किस तरह अपने घर को दीपोत्सव पर सजाएं। ​



दिवाली से पहले अपने घर की सफाई अवश्य कर लें। कहीं भी कूड़ा एकत्र न होने दें। घर में कोई भी खंडित मूर्तियां न हो। ऐसी मूर्तियों को दिवाली पूजन से पहले विसर्जित कर दें। घर के ईशान कोण में कोई भी नुकीली या टूटी फूटी वस्तु न रखें। त्योहार पर घर के मुख्‍य द्वार और पूजाघर को गेंदे के फूल और आम के पत्‍तों का तोरण बनाकर सजाएं। दिवाली पर पूजा के स्थान को लाल, हरे, नारंगी, बैंगनी और पीले रंगों से सजा सकते हैं। पूजा के स्थान पर स्वस्तिक वाली रंगोली बनाना शुभ माना जाता है। घर के मुख्य द्वार पर गंगाजल, हल्दी, कपूर मिलाकर छिड़काव करें। घर में मां लक्ष्मी की वरद मुद्रा वाली तस्वीर लगाएं। भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी के साथ वाले चित्र को रखना भी उत्तम माना गया है। मां लक्ष्मी के हाथों से धन वर्षा होते हुए चित्र को भी शुभ माना गया है। त्योहार पर घर में सेंधा नमक का पोंछा लगाएं। इससे घर में मौजूद नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाएगी।